मुंगेर की कुतलूपुर पंचायत में गंगा की बदलती धारा और तेज कटाव ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। नदी के लगातार कटाव से पंचायत के वार्ड संख्या 04, 16, 17 और 18 के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है। कटाव स्थल से गांव की दूरी महज 500 मीटर रह गई है। वहीं, नदी किनारे स्थित किसानों की खेती योग्य जमीन भी धीरे-धीरे गंगा में समाती जा रही है। कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से गंगा का कटाव लगातार जारी है, लेकिन अब तक बचाव के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीण पंकज कुमार सिंह ने बताया कि कटाव के कारण उनकी खेती योग्य जमीन पहले ही गंगा में समा चुकी है। अब उनके घर पर भी खतरा मंडराने लगा है। कटाव की आशंका के कारण रातों की नींद उड़ गई है।
वहीं, ग्रामीण संजय चौधरी उर्फ महथ ने बताया कि गंगा की धारा सीधे गांव की ओर बढ़ रही है। वार्ड संख्या 16, 17 और 18 की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है। बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर हर समय डर बना रहता है। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द बोल्डर क्रेटिंग और जियो बैग डालकर बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से केवल आश्वासन मिल रहा है, लेकिन अस्थायी बचाव कार्य भी शुरू नहीं हुआ है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।