लखीसराय जिले में बुधवार को दो युवकों का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों युवक 18 फरवरी से लापता थे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर भुइका पहाड़ के पास से बरामद किया है। घटना की सूचना मिलने के बाद बन्नूबगीचा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान बसंतपुर गांव के अभिषेक कुमार उर्फ गोलू और बिट्टू कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि प्रेम-प्रसंग में दोनों युवकों की हत्या की गई है। जबकि हत्या में शामिल तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पूजा, क्रांति और सचिन शामिल हैं।
शव मिलने से इलाके में तनाव की स्थिति
मृतक के परिजनों ने बताया कि दोनों युवक 18 फरवरी को घर से निकले थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद थाने में शिकायत की। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर भुइका पहाड़ के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया, जहां दोनों के शव मिले। शव मिलने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति है। पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाई ने थाने में गायब होने की थी शिकायत
मृतक के भाई कुंदन कुमार ने बताया कि 17 फरवरी की दोपहर में दोनों घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। दो दिनों तक हम लोग खोजबीन किए। इसके बाद 20 फरवरी को थाने में आवेदन दिया। बुधवार की सुबह पता चला कि जंगल में दो शव मिला है। फिर हम मौके पर पहुंचे तो मेरे दोनों भाई की लाश थी।