शेखपुरा जिले में बाइक चोर को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया है। इस हमले में एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलियां भी चलाई हैं। घटना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर छापेमारी की। जहां से घटना में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य लोगों की गिरफ्तारी के पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है।
सिरारी थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि बाइक चोरी के आरोपी मतलू सिंह को गिरफ्तार करने को पुलिस टीम कैथमा गांव गई थी। टीम जब आरोपी के घर पहुंची, तो वह नहीं मिला। वापस लौटने के क्रम में करीब डेढ़ दर्जन बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाई और मारपीट की। इस हमले में एसआई शिवशंकर कुमार, कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार और होमगार्ड जवान कंचन कुमार घायल हो गए।
12 अज्ञात लोगों को बनाया गया आरोपी
थानाध्यक्ष ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाकर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने हमलावर तथा कैथवा गांव निवासी सुनील पांडेय का पुत्र प्रिंस कुमार उर्फ अविनाश कुमार को गिरफ्तार किया है। जिसे शेखपुरा जेल भेज दिया गया है। जबकि थाने में आयुष राज, सुमित पांडेय, उमेश पांडेय समेत एक दर्जन अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।