मुंगेर के कासिम बाजार थानाक्षेत्र के मोकबीरा चांय टोला में प्रेम-प्रसंग का विरोध करने के मामले में एक गर्भवती महिला के साथ जमकर मारपीट की गई। उसे घायलावस्था में परिजनों द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान मोकबीरा चांय टोला निवासी मजदूर फौजी कुमार की पत्नी सरस्वती देवी (20) के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।
वहीं, मृत महिला के पति फौजी कुमार द्वारा हत्या का आरोप लगाते हुए अपने सहोदर भाई रोहित दास, उसकी पत्नी शकुंतला देवी और भतीजी नंदनी कुमारी को मुख्य आरोपी बनाते हुए कासिम बाजार थाने में आवेदन दिया है। घटना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं।
मृतक महिला के पति फौजी कुमार ने बताया कि उसकी अपनी भतीजी नंदनी का गांव के ही एक युवक से छह महीने से अवैध संबंध (प्रेम प्रसंग) चल रहा था। इस बीच प्रेमी का प्रेमिका के घर लगातार आना जाना लगा रहता था। सरस्वती देवी को यह बात ठीक नहीं लगती थी, जिस कारण वह हमेशा इस बात का विरोध करती थी। वहीं, सरस्वती देवी ने 24 जुलाई और 28 जुलाई को भी प्रेमी-प्रमिका को आपत्तिजनक हालत में देख था। उसके बाद इसकी शिकायत गोतनी से की तो गोतनी को लगा कि उसकी बेटी को बदनाम करने की साजिश है। उसके बाद सरस्वती देवी की गोतनी शकुंतला देवी ने अपने पति रोहित दास को सारी बात बताई।
मृतका के पति ने बताया कि उसके बाद नशे में धुत आरोपी रोहित दास अपनी पत्नी शकुंतला देवी और बेटी नंदनी के साथ मिलकर सरस्वती देवी के साथ मारपीट करने लगा। इस दौरान रोहित दास ने लात-घूंसों से मारपीट की। फिर गर्भवती महिला को जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के वक्त पीड़ित महिला का पति गांव में किसी काम से गया था। परिजनों की सूचना पर वह मौके पर पहुंचा और अपनी पत्नी को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गया। जहां इलाज के दौरान सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई।
वहीं, सदर एसडपीओ राजेश कुमार ने बताया कि घरेलू विवाद में घरवालों ने पांच महीने की गर्भवती महिला के साथ मारपीट की। उसके बाद इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत हो गई। एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि मृतका के पति के आवेदन पर प्रथामिकी दर्ज कर ली है और मामले की छानबीन में पुलिस जुट गई है।