मुंगेर के असरगंज प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय हाथीनाथ में फाइलेरिया की दवा खाने से सात छात्राएं बीमार हो गईं। सभी बच्चों को पेट दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद शिक्षक असरगंज स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल तारापुर रेफर कर दिया। दरअसल, स्वास्थ्य विभाग द्वारा फाइलेरिया मुक्त बिहार बनाने को लेकर दवा वितरण किया जा रहा है। जिले के हर विद्यालय में बच्चों को दवा की खुराक दी जा रही है।ॉ
छात्रा सोफी परवीन ने बताया कि आज स्कूल में दवा खिलाई गई थी। दवा खाने के आधे घंटे बाद तबीयत खराब होने लगी। इसके लिए हम लोगों को यहां लाया गया है। वहीं, प्रधानाध्यापिका सुमिता देवी ने बताया कि आज 276 बच्चों को कृमि की दवा अल्बेंडाजोल खिलाई गई थी। उसके बाद सात बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत से हम लोगों ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। उसके बाद सभी बच्चों को असरगंज स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से रेफर कर तारापुर अस्पताल भेजा गया है। सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
इधर, तारापुर अनुमंडलीय अस्पताल की प्रभारी डॉ. बिंदु कुमारी ने बताया कि अल्बेंडाजोल खाने से कुछ बच्चों को उल्टी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया है। सभी बच्चों का इलाज चल रहा है। खाना खिलाने के बाद दवा देनी है। सभी बच्चे सुरक्षित हैं।