Bihar News: पहले बाढ़ फिर मिट्टी के कटाव का दोहरा संकट मुंगेर वासियों पर मंडरा रहा है। गंगा नदी के तटीय क्षेत्रों में बसे घरों पर खतरा बढ़ता जा रहा है। पानी के तेज बहाव और मिट्टी की कटाव की वजह से देर रात एक मकान पूरी तरह नदी में समा गया। छह भाइयों का आशियाना खत्म हो गया। अन्य घरों पर कटाव की आशंका है।
बिहार के मुंगेर जिले में बाढ़ का खतरा अभी पूरी तरह टला भी नहीं था कि अब गंगा के तेज कटाव ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। सदर प्रखंड के गंगा पार कुतलुपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 में गंगा का कटाव तेजी से जारी है। बीती रात कटाव की चपेट में आकर एक पक्का मकान पूरी तरह नदी में समा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घर एक ही परिवार के छह भाइयों अमरजीत पासवान, उदय पासवान, विलास पासवान, रंजीत पासवान और गुनसागर पासवान का था। इस घटना से पूरा परिवार बेघर हो गया। कटाव की वजह से ग्रामीणों में दहशत है और कई लोग अपने घर-बार छोड़कर सुरक्षित जगहों की ओर पलायन करने लगे हैं।
विज्ञापन
जल्द ठोस कदम उठाने की जरूरत
ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड संख्या 6 में 100 से अधिक घर हैं और कटाव इतनी तेजी से फैल रहा है कि कभी भी और मकान इसकी चपेट में आ सकते हैं। लोगों ने आशंका जताई है कि अगर जल्द कदम नहीं उठाए गए तो पूरे वार्ड को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया
इधर, स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पीकर ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक को कटाव क्षेत्र का निरीक्षण करने और कटाव रोधी कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कटाव को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएंगे।