जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र के इस्लामनगर में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला खौफनाक रूप में सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने प्रेमी को घर के पास बुलाकर उस पर एसिड से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान इस्लामनगर निवासी मोहम्मद रहमान (23) के रूप में की गई है। रहमान ने बताया कि पिछले चार वर्षों से उसका अपनी पड़ोसी सहिला खातून के साथ प्रेम संबंध था। वर्ष 2024 में वह रोजगार के लिए दुबई गया था। वहां से भी वह सहिला के संपर्क में बना रहा और उसकी बार-बार की पैसों की मांग पर अब तक करीब ढाई लाख रुपये भेज चुका था। कुछ दिन पहले ही वह दुबई से अपने घर लौटा था।
पढ़ें: भाई से झगड़े के बाद युवक ने लगाई फांसी, घर में फंदे से लटका मिला शव; इस बात पर भड़का था गुस्सा
घटना के संबंध में घायल रहमान ने बताया कि मंगलवार की रात सहिला ने उसे फोन कर अपने घर के पास बुलाया। जब वह मिलने पहुंचा तो सहिला पहले से ही दीवार के पीछे एसिड से भरी बोतल लेकर छिपी हुई थी। जैसे ही वह नजदीक पहुंचा, सहिला ने अचानक उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया। हमले में उसका चेहरा और शरीर का एक हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। बताया जाता है कि घटना के समय सहिला के माता-पिता भी मौके पर मौजूद थे। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने रहमान को गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश में छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रेम प्रसंग से जुड़े इस मामले में आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।