सार
Bihar Weather: जमुई जिले में आंधी-बारिश के बीच वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक मासूम बच्ची भी शामिल है। कई लोग घायल हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने की अपील की है।
जमुई जिले में मंगलवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में एक 8 वर्षीय बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज गर्मी के बाद अचानक काले बादलों ने आसमान को घेर लिया और देखते ही देखते तेज बारिश के साथ वज्रपात शुरू हो गया। यह बारिश राहत नहीं, बल्कि कई परिवारों के लिए आफत बनकर आई।
चार अलग-अलग घटनाओं में गई जानें
सबसे पहली घटना जमुई शहर के बिहारी नदी किनारे हुई, जहां 35 वर्षीय कपिल देव यादव मवेशी चरा रहे थे और बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई।
दूसरी घटना खैरा प्रखंड के सिंगारी टांड गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहे रंजीत यादव वज्रपात की चपेट में आ गए।
सबसे दर्दनाक हादसा सोनो प्रखंड के रक्तरोहनिया गांव में हुआ, जहां 8 वर्षीय मासूम बच्ची रावो खातून और उसकी मां बिजली गिरने से झुलस गईं। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर है।
बाइक सवार युवक भी चपेट में आया
चकाई थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान बाइक से लौट रहे दो युवक भी वज्रपात की चपेट में आ गए। देवघर निवासी रमन कुमार यादव की मौत हो गई, जबकि उनका साथी घायल है।
ये भी पढ़ें-
Bihar: पद्मश्री डॉ. गोपालजी त्रिवेदी का निधन, 96 वर्ष में ली अंतिम सांस; सीएम सम्राट चौधरी ने जताया शोक
मजदूर और पशुधन भी प्रभावित
मरकट्टा ईंट भट्ठे पर काम कर रहे दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं सिकंदरा क्षेत्र में एक भैंस की भी मौत हो गई, जिससे पशुपालक को भारी नुकसान हुआ।
लोगों से सावधानी की अपील
प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी है। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम में खुले स्थानों, पेड़ों और जलाशयों के पास न जाने की अपील की है।