खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
सदर थाना क्षेत्र के खड़सारी गांव में गुरुवार की दोपहर खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। जबतक लोग कुछ समझ पाते तबतक आग पूरे कमरे में फैल गई। जिससे आग की चपेट में आने से पिता-पुत्र और दो पुत्री बुरी तरह झुलस गई।
वहीं आग की लपटें देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह से चारों घायल को निकाल कर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां पिता की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्रारंभिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। वहीं पटना ले जाने के क्रम में महादेव सिमरिया के पास पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। वहीं घायल सीता कुमारी की भी इलाज के क्रम में मौत हो गई है।
मृतक की पहचान खड़सारी गांव निवासी कार्तिक सिंह के रूप में हुई है। जबकि घायलों में मृतक कार्तिक सिंह के पुत्र कन्हैया कुमार व पुत्री राधा कुमारी शामिल है। बताया जाता है कि गुरुवार को दोपहर कार्तिक सिंह अपने घर में खाना बना रहे थे। तभी खाना बनाने के दौरान गैस लीकेज होने की वजह से अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। जिसके कारण देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई। उसके बाद अपने बच्चों को बचाने के क्रम में कार्तिक सिंह बुरी तरह झुलस गए और उनके तीन बच्चे भी झुलस गए।