पटना-जसीडीह मेमू ट्रेन में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
जमुई रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ट्रेन संख्या 13208 पटना-जसीडीह मेमू के दो कोचों के बीच के कनेक्शन तार से अचानक धुआं उठने लगा। यात्री जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, रेल कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
जमुई, मंगलवार जमुई रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। ट्रेन संख्या 13208 पटना-जसीडीह मेमू के दो कोचों के बीच स्थित कनेक्शन वायरिंग से अचानक धुआं उठने लगा, जो बाद में आग में तब्दील हो गया। घटना के समय ट्रेन स्टेशन के करीब पहुंच चुकी थी। धुआं और आग की लपटें देखते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और वे घबराकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत स्थिति को संभाला। स्टेशन पर मौजूद अग्निशमन दल की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं पहुंची और सभी सुरक्षित हैं।
पढ़ें: विवाहिता की हत्या कर शव जलाने का सनसनीखेज मामला, पति समेत तीन गिरफ्तार; जानें कैसे हुई गिरफ्तारी
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती, तो यह एक बड़ी दुर्घटना बन सकती थी। फिलहाल, प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग किया जा रहा है ताकि आगे की यात्रा को सुरक्षित ढंग से जारी रखा जा सके। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि यह तकनीकी खराबी के कारण हुआ। रेलवे ने इस संबंध में जांच टीम गठित कर दी है, जो पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।