मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत तारापुर दियारा पंचायत के महेशपुर मनियारचक शिल्हा गांव में सोमवार की देर रात एक दावत के दौरान गोली चलने की घटना में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय रवि कुमार उर्फ रावो पासवान के रूप में हुई है। गोली उनके सिर में मारी गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांव के भाजपा नेता बी.आर. अमरेश के घर पर दावत का आयोजन किया गया था, जिसमें गांव के कई लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान रवि कुमार और उनके पुराने विरोधी छोटू मंडल को भी दावत में बुलाया गया था। दावत के दौरान ही घर के बाहर पार्टी चल रही थी, तभी छोटू मंडल ने रवि कुमार के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद अफरातफरी मच गई। परिजन घायल रवि को लेकर मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक के भाई की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पढ़ें: स्कूल के पास मांस काटने पर उठी आवाज, बच्चों की पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल की मांग; लोगों ने किया प्रदर्शन
मृतक के भाई राम लाल पासवान ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता बी.आर. अमरेश ने जानबूझकर रंजिशन दोनों पक्षों को एक साथ दावत में बुलाया था। उन्होंने कहा कि रवि और छोटू मंडल के बीच वर्ष 2020 से रंजिश चली आ रही थी। पूर्व में भी छोटू मंडल ने रवि पर गोली चलाई थी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे। इसी विवाद में छोटू मंडल के ससुर कार्तिक चौधरी की भी हत्या हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लग गई। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस का कहना है कि यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा है और इसकी गहराई से जांच की जा रही है।