डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सहित अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर मुंगेर जिले में पहुंचे। यहां उन्होंने तारापुर शहीद चौक के पास पथ निर्माण विभाग की ओर से 61 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे 12.3 किलोमीटर रतारापुर-खड़गपुर मुख्य पथ के चौड़ीकरण का शिलान्यास किया। इसके बाद सम्राट चौधरी ने तारापुर अनुमंडलीय अस्तपताल का निरीक्षण भी किया।
बता दें कि इस मौके पर मीडिया से बात करने के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि तारापुर-खड़गपुर मुख्य पथ का चौड़ीकरण का शिलान्यास किया गया है, जो जल्द बनकर तैयार होगा। उन्होंने कहा, तारापुर अनुमंडल को चारो तरफ बाइपास बनाने की स्वीकृति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में कर दी गई है, जिसका एनओसी का कार्य चल रहा है।
उन्होंने बताया कि इसके साथ तारापुर अनुमंडलीय अस्तपताल का भी निरीक्षण किया गया है, जहां 100 बेड लगे हुए थे। आगे उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर हनुमना डैम और खड़गपुर झील का डीपीआर लगभग तैयार किया जा रहा है। जल्द ही दोनों डैम का डीपीआर बनकर तैयार होगा, जिसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृति दी जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास के कार्यों को आगे ले जाना है। प्रधामंत्री का पूरी तरह दरवाजा खुला है, जितनी राशि बिहार के लिए चाहिए वह उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बिहार में चार विधानसभा में होने वाले उपचुनाव को लेकर कहा कि कही कोई लड़ाई नहीं है। पिछली बार भी बिहार की जनता ने 75 प्रतिशत रिजल्ट हम लोगों को दिया था। 40 सीट में 30 सीट जीते थे और कुछ सीटें कुछ वोटों से हारे थे। उन्होंने कहा कि बिहार में जो चार सीट पर उपचुनाव होंगे, सभी सीटों पर हम लोग जीतेंगे।