मुंगेर के साफियाबाद थाना क्षेत्र के फरदा गांव में शनिवार को दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद के दौरान दिनदहाड़े करीब 50 राउंड गोलियां चलीं। गोलीबारी में बगल के गांव के एक युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान बांक टोला फरदा निवासी अंकुश (20) के रूप में हुई है। घायल अंकुश को लहुलुहान हालत में परिजनों ने सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने गुस्से में नेशनल हाईवे जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना पर एसपी सैय्यद इमरान मसूद, एसडीपीओ अभिषेक आनंद और अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लगभग 20 लोगों को गिरफ्तार कर हालात काबू में लाया। पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक और भारी मात्रा में कारतूस भी बरामद किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद फरदा पेट्रोल पंप के पास कब्रिस्तान के समीप दशरथ यादव की जमीन को लेकर है। पेट्रोल पंप मालिक और पूर्व मुखिया जमाल मल्लिक उर्फ बबलू मल्लिक इसे हड़पने की कोशिश कर रहा था। यह मामला पिछले 20-25 वर्षों से कोर्ट में विचाराधीन है।
पढ़ें: विश्व पर्यटन दिवस पर पटना में परिचर्चा, पर्यटन को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने पर जोर
दो दिन पहले भी इसी जमीन को लेकर विवाद हुआ था। इसके बावजूद बबलू मल्लिक शनिवार को निर्माण कार्य के लिए जमीन पर पहुंच गया। जब जमीन मालिक और उनके परिजन उसे रोकने आए, तो बबलू मल्लिक ने पेट्रोल पंप से ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। जवाब में दूसरे पक्ष ने भी गोलियां और पत्थरबाजी की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बबलू मल्लिक अपने दबंगई के दम पर कई बार सिंघिया पंचायत का मुखिया रह चुका है और उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसकी नजर दशरथ यादव की दो ढाई कट्ठे जमीन पर थी।
घटना के बाद फरदा गांव पूरी तरह पुलिस छावनी में बदल गया और लोग अपने घरों में दुबक गए। एसपी सैय्यद इमरान मसूद मौके पर स्वयं मौजूद रहे और घटना में शामिल 20-22 लोगों को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी बबलू मल्लिक को उसके लाइसेंसी हथियार और कारतूस के साथ हिरासत में लिया गया।
एसपी ने बताया कि जमीनी विवाद में गोलीबारी हुई, एक युवक घायल हुआ और पुलिस ने दोनों पक्षों से 20-22 लोगों को गिरफ्तार कर हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस गांव में कैंप कर रही है और छापेमारी जारी है।