बिहार के खगड़िया में एक 24 वर्षीय युवक की हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटका दिया गया। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना जिले के मानसी थाना क्षेत्र स्थित जालिम बाबू टोला और पांच किलोमीटर क्षेत्र की बताई जा रही है। जिस स्थान पर युवक का शव मिला है, वह एनएच-31 से महज 200 मीटर की दूरी पर है। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के हकीमाबाद निवासी राजनारायण राय के बेटे नीतीश कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, जिस जगह युवक का शव मिला है वह गंडक नदी के किनारे श्मशान घाट के रूप में उपयोग की जाती है। इस संबंध में मानसी थाना अध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलने के बाद उन्होंने घटनास्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया अंदेशा लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या कर बाद में उसे पेड़ से लटका दिया गया।
थाना अध्यक्ष ने कहा कि मृतक के परिजनों को सूचना भेजी गई है। उनके आने के बाद युवक किस काम से आया था, यह पता चलेगा। पुलिस मामले की जांच गंभीरता से कर रही है। हत्या में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।