Naxalite Arrested: जमुई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में दो वांछित नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। दोनों नक्सलियों पर स्कूल को बम से उड़ाने सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। जो करीब 15 साल से फरार चल रहे थे।
जमुई जिले में बरहट थाना क्षेत्र के स्कूल को बम से उड़ाने की साजिश समेत कई संगीन मामले में फरार चल रहे दो नक्सलियों को बरहट थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों नक्सलियों की पहचान हरि यादव और नरेश यादव के रूप में हुई है।
विज्ञापन
गिरफ्तारी के संबंध में एसपी मदन आनंद ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रेसवार्ता आयोजित कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्कूल को बम से उड़ाने का साजिश रचने वाले दो नक्सली अपने गांव आए हुए हैं। गुप्त सूचना के आधार पर लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के करमटांड़ गांव में बरहट थाने की पुलिस द्वारा छापेमारी की गई। जहां से दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी ने बताया कि इन दोनों नक्सली 2009 से फरार चल रहे थे। इन पर सरकारी स्कूल को बम से उड़ाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के कई मामले दर्ज हैं। छापेमारी में बरहट थाना प्रभारी कुमार संजीव, एसटीएफ चीता प्रभारी नेसार आलम और एसआई सावन कुमार की टीम शामिल थी। एसपी ने छापेमारी में शामिल सभी जवानों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। एसपी ने बताया कि जमुई पुलिस लगातार अपराध और अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है, जिसके कारण जिले के अधिकतर वांछित अपराधी या तो जेल में हैं या फरार हैं।