बेगूसराय में पत्नी के नशा करने से मना करने पर नाराज होकर पति ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, गांव में इस आत्महत्या मामले की काफी चर्चा होने लगी। यह घटना मुफस्सिल थानाक्षेत्र के हरदिया वार्ड-9 की है। मृतक युवक की पहचान हरदिया वार्ड-9 निवासी हरे राम महतो के बेटे नीरज कुमार के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, नीरज कुमार नशे का काफी आदी था। नशे को लेकर घर में कई बार पत्नी के साथ विवाद भी हुआ। बताया जा रहा है कि पत्नी ने नशा करने से नीरज कुमार को मना किया। इसे बात को लेकर दोनों में फिर विवाद हुआ। विवाद होने के बाद पत्नी अपने बच्चों को स्कूल से लाने के लिए चली गई।
बताया जा रहा है कि इस दौरान पत्नी से नाराज नीरज ने घर में खुद अकेला पाकर गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब पत्नी घर आई तो अंदर से दरवाजा लगा हुआ था। खिड़की से जब झांककर देखा तो नीरज कुमार फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर जब उसे फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक नीरज की मौत हो चुकी थी।
वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। उसके बाद मौके पर पहुंचकर मुफस्सिल थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई।