बेगूसराय जिले में शुक्रवार को बेखौफ अपराधियों ने दिन-दहाड़े एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के बजलपुरा गांव की है, जहां अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। इस हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग दहशत में हैं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोग और ग्रामीण इस हत्या के बाद डर और चिंता में हैं। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब बेगूसराय में पिछले 24 घंटों में अपराधियों ने कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। इनमें दो महिला हत्या, एक बुजुर्ग महिला को गोली मारकर घायल करना और एक अन्य युवक को गोली मारना शामिल है। इस तरह की लगातार हो रही घटनाओं से यह सवाल उठने लगा है कि क्या पुलिस प्रशासन इन अपराधियों पर काबू पाने में सक्षम है?