लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र के लखीसराय-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर कैंदी चौक हनुमान मंदिर के समीप बुधवार देर रात एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान कैंदी गांव निवासी जोगी पासवान की पत्नी सुलेना देवी (57) के रूप में हुई है। वह वर्षों से चौक पर फल-सब्जी बेचकर अपना जीवन यापन करती थी।
दुकान पर सोते समय हुई वारदात
परिजनों के अनुसार, सुलेना देवी रोज की तरह बुधवार रात करीब 10 बजे भोजन करने के बाद अपनी दुकान पर सोने चली गई थीं। घर छोटा होने के कारण वह अक्सर दुकान पर ही सोती थीं। इसी दौरान देर रात अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
एफएसएल की प्रारंभिक जांच में अहम संकेत
घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम के इंचार्ज डॉ. ब्रजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या रात 1 से 2 बजे के बीच की प्रतीत होती है। महिला पर नुकीले ईंट-पत्थर और धारदार वस्तु से कई बार वार किया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हत्या के बाद सड़क जाम, लोगों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य सड़क को जाम कर दिया। इससे लखीसराय–सिकंदरा मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
हलसी थाना अध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि मृतका के पुत्र द्वारा डायल 112 पर सूचना दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें:
रेल पुलिस को मिली बड़ी सफलता, करोड़ों के सोने-चांदी के जेवरात बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
परिजनों ने उठाई न्याय और सहायता की मांग
मृतका के पुत्र सुधीर पासवान ने प्रशासन से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले के खुलासे के लिए जांच में जुटी हुई है।