भागलपुर रेल पुलिस (जीआरपी और आरपीएफ) ने गुरुवार को एक बड़े छापेमारी अभियान में लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के तहत की गई।
हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस से दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने डाउन हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस में सवार दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने महेशपुर, बबरगंज थाना क्षेत्र में किराए के मकान की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी कर आधा किलो सोना और डेढ़ किलो चांदी समेत छोटे-बड़े जेवरात जब्त किए।
संजय यादव का रहा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्तों में 50 वर्षीय संजय यादव, मुंगेर जिले के बरियारपुर निवासी और 20 वर्षीय पलटू साहनी, नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर निवासी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि संजय यादव का आपराधिक इतिहास काफी गंभीर है और वह हत्या जैसे संगीन मामलों में भी आरोपी रह चुका है।
ये भी पढ़ें:
बिहार में अल्ट्राटेक सिमेंट करेगी ₹1,200 करोड़ का निवेश, बांका में स्थापित होगी इकाई
पुलिस ने क्या बताया?
रेल एसआरपी विद्या कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का बड़ा नेटवर्क है, जो आस-पास के क्षेत्रों में सक्रिय है और पुलिस जल्द ही इसे ध्वस्त करने की योजना बना रही है। उन्होंने टीम की इस बड़ी सफलता की सराहना की और ऑपरेशन में शामिल पुलिसकर्मियों को रिवार्ड देने की अनुशंसा भी की। यह छापेमारी यात्रियों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में रेल पुलिस की सतत कोशिशों का नतीजा है।