पुलिस की गिरफ्त में आरोपी सरगना
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के नालंदा के परवलपुर थाना क्षेत्र के सलालपुर गांव से पुलिस ने वाहन चोर गैंग के सरगना को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक जहानाबाद जिले का निवासी है। वह रविवार को अपने दोस्त की बारात में शामिल होने सलालपुर गांव आया था।
सोमवार को हिलसा डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया अपराधी जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के उबेर गांव निवासी महेश यादव का बेटा बबलू कुमार है। पुलिस को वाहन लूट के कई मामलों में इसकी तलाश थी।
उन्होंने बताया कि रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि बबलू अपने दोस्त की शादी में शामिल होने सलालपुर गांव आया हुआ है। जहां छापेमारी कर पुलिस ने बबलू को गिरफ्तार कर लिया। वह चोरी की कार लेकर बरात में शामिल होने आया था। पूछताछ में उसके कई अन्य ट्रैक्टर और कार चोरी में संलिप्त रहने की बात सामने आ रही है। उसकी गिरफ्तारी से वाहन चोरों के अंतरजिला नेटवर्क के खुलासे की भी पूरी संभावना है।
डीएसपी ने बताया कि बबलू यादव पर हिलसा और घोसी थाने में लूट, रंगदारी तथा धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। खुद पकड़े गए आरोपी ने पांच ट्रैक्टर चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकारी है। इस मौके पर थानाध्यक्ष अफसर हुसैन समेत कई वरीय पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।