बिहार के बेगूसराय में आग से झुलसी एक विवाहिता की इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में गुरुवार की सुबह मौत हो गई। वहीं, मौत होने के पहले ससुराल वाले डॉक्टर को फीस दिए बिना पीड़िता को तड़पता छोड़ अस्पताल से फरार हो गए। मृतका के मायके वालों ने पति समेत सुसराल पक्ष पर उसे जिंदा जला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना नगर थाना क्षेत्र के ट्रैफिक चौक स्थित एक निजी अस्पताल की है।
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान जिला खगड़िया अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र के कबेला गांव निवासी राजीव रंजन की पत्नी स्नेहा उर्फ शिल्पी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मृतका के आरोपी पति शिक्षक हैं। इसके बावजूद वह दहेज की मांग दोहराने पर आमादा था। इसे लेकर एक बार नहीं कई दफा पत्नी के साथ मारपीट की थी।
मायके वालों ने आरोप लगाया कि बुधवार को ससुराल के सभी सदस्यों ने मिलकर लड़की को आग के हवाले कर दिया। फिर बुरी तरह झुलस जाने के बाद उसे चुपचाप बेगूसराय लेकर आ रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर मायके वालों ने महेशखूंट के पास उन्हें पकड़ा। फिर बेगूसराय पहुंचकर लड़की को एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।
मायके वालों ने बताया कि इलाज के दौरान पीड़िता ने गुरुवार की सुबह दम तोड़ दिया। मौत की आहट लगते ही ससुराल वाले मौके से फरार हो गए। वहीं, घटना की सूचना पाकर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया। इसके बाद आगे की जांच में जुट गई।