सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना इलाके के कोपरिया गांव में हर्ष फायरिंग के दौरान एक 50 वर्षीय व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक शोभा कांत यादव उर्फ संजय यादव पिता भुवनेश्वर यादव त्रिवेणीगंज थाना इलाके के फला गढ़िया उत्तर पंचायत अंतर्गत कोपरिया गांव के वार्ड नंबर 13 निवासी है।
दरअसल कोपरिया गांव के निवासी दुखी यादव की बेटी की शादी सोमवार की रात थी। दुखी यादव ने अपनी बेटी की शादी में अपने रिश्तेदारों के अलावा गांव के तमाम लोगों को शादी में निमंत्रण दिया था। शादी समारोह में मृतक के साथ-साथ उनके भाइयों और भतीजे को शादी में न्योता था।
मृतक के भतीजे 25 वर्षीय चंचल कुमार ने बताया उसके बड़े पापा शादी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से बारात दरवाजे पर पहुंच रही थी। इसी दरमियान गोली की आवाज़ सुनाई दी। देखा कि बड़े पापा शोभा कांत यादव के गले में गोली लगने से जख़्मी होकर वो नीचे गिरे हुए थे। उसने बताया कि गांव के ही वार्ड नंबर एक निवासी दिनेश यादव का बेटे 30 वर्षीय पप्पू कुमार यादव ने गोली चलाई थी। इधर, घायल को त्रिवेणीगंज अनुमंडल अस्पताल में ले जाया गया। जहां गंभीर स्थिति के मद्देनज़र चिकित्सक ने सुपौल रेफर कर दिया। परिजन उसे सुपौल एडमिट कराया। जहां रविवार के रात करीब दो बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही जहां परिजनों का रो रो कर बुरा हाल बना हुआ है। वहीं परिजनों ने आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए पुलिस प्रशासन से मांग की है। हालांकि त्रिवेणीगंज थाना अध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि हर्ष फायरिंग में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने का भरोसा भी दिया है।