लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार को विशेष राज्य के मसले पर सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। दूसरे राज्यों के लोग इस मामले में सर्वदलीय प्रयास कर रहे हैं, जबकि नीतीश एक राजनीति के तहत यह प्रचारित कर रहे हैं कि यह बस उन्हीं का एजेंडा है। उन्होंने अपने सहयोगी दल भाजपा को भी इससे दूर रखा हुआ है। इससे बिहार का भला नहीं होगा। केंद्र में यह संदेश जा रहा है यह सिर्फ जदयू का अभियान है।
रामविलास पासवान ने कहा कि वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का इस संबंध में आए वक्तव्य को नीतीश अपने हिसाब से परोस रहे हैं। दुष्कर्म के संबंध में बिहार को केंद्रित कर दिए गए राज ठाकरे के वक्तव्य पर उन्होंने कहा कि अब उसके खिलाफ कड़े कदम उठाने चाहिए। सरकार उसे एनएसए के तहत बंद करे।
पासवान के मुताबिक मेरी बिहार बचाओ यात्र को लोगों ने इतने बड़े उत्साह के साथ स्वीकार किया, जितनी मुझे भी उम्मीद नहीं थी। ठंड में भी लोग बड़ी संख्या में आए। ये वे लोग हैं जो सरकार से परेशान हैं। जहरीली शराब, विधि व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर लोगों का गुस्सा चरम पर है। लोग कह रहे हैं कि वे ठगे गए हैं। जमीन का मुआवजा लेने में भी रिश्वत देना पड़ रहा है।