लालू प्रसाद के बड़े बेटे और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेज प्रताप द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद राज्य की राजनीति गर्मा गई है।
वहीं, राजद नेता के इस बयान से भड़की भाजपा ने टिप्पणी को महिला विरोधी बताते हुए निशाना साधा। तेजप्रताप की टिप्पणियों से खफा भाजपा प्रवक्ता निखिल आनंद ने राजद नेता से माफी मांगने को कहा। उन्होंने यादव को उनकी पत्नी द्वारा लगाए गए घरेलू हिंसा के आरोपों की याद दिलाई।
आनंद ने कहा कि ‘तो क्या तेज प्रताप यह कहना चाहते हैं कि जिनके नाम के साथ कुमारी लगा होता है और जो चूड़ियां पहनती हैं, क्या वे सम्मान के हकदार नहीं हैं? उनकी बेतुकी टिप्पणियों और उस पर उनके समर्थकों से मिली प्रशंसा इस बात का प्रमाण है कि राजद में गलतफहमियां गहराई तक जड़ें जमा चुकी है।
उन्होंने कहा कि राजद नेता की महिला विरोधी टिप्पणियां उनकी पत्नी द्वारा उन पर लगाए गए आरोपों को सही साबित करती हैं। उन्होंने यादव से मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री से माफी मांगने को कहा। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अगर वह अपने पिता की नकल करने की कोशिश कर रहे हैं तो वह समझ लें कि वह खुद भी एक दिन उन्हीं की तरह जेल पहुंच जाएंगे।