राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटों के बाद अब उनकी बेटी भी राजनीति के मैदान में उतरने को तैयार है।
बुधवार को पटना के गांधी मैदान में आयोजित आरजेडी की परिवर्तन रैली के दौरान लालू यादव की बेटी मीसा भारती को भी मंच पर देखा गया। रैली में लालू की सबसे बड़ी बेटी मीसा को देखकर हर कोई हैरान था।
पढ़ें: बीजेपी आरएसएस का तोता है और नीतीश तानाशाह: लालू
पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि क्या वे अपने भाईयों के साथ राजनीति में उतरेंगी तो उनका जवाब था, 'बिल्कुल, मेरी रुचि राजनीति में है। इसमें कुछ गलत नहीं है कि राजनीतिज्ञों के बच्चे भी राजनीति के मैदान में उतरें।'
मीसा ने कहा, 'मैं अभी यह नहीं कह सकती कि अगला चुनाव लडूंगी या नहीं। मेरे पिता की भी इच्छा है कि मैं राजनीति में उनका सहयोग करूं।'
गौरतलब है कि लालू यादव के दोनों बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव परिवर्तन रैली की तैयारियों में अपने पिता के साथ लगे थे। चर्चा है कि लालू रैली के जरिए अपने बेटों को राजनीति में उतारना चाहते हैं।