राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव फिर पटना आ सकते हैं। पटना की विशेष सीबीआई कोर्ट ने चारा घोटाले के बांका ट्रेजरी मामले में लालू प्रसाद समेत सभी अभियुक्तों को 23 नवंबर को सशरीर हाजिर होने का आदेश दिया था। ऐसे में लालू के कोर्ट के समक्ष पेश होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
उपचुनाव के दौरान आए थे पटना
इससे पहले लालू प्रसाद उपचुनाव के दौरान पटना आए थे। वह कुशेश्वरस्थान सहित तारापुर की चुनावी सभा में भाषण देने मंच पर भी पहुंचे थे। लेकिन दोनों सीटों पर राजद की हार के बाद और दूसरे दिन ही तबीयत खराब होने के कारण वह वापस दिल्ली लौट गए।
29 नवंबर से बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र भी शुरू होने वाला है। बताया जा रहा है कि वह जाति आधारित जनगणना को लेकर रणनीति को धार देंगे। इसे लेकर तेजस्वी सीएम नीतीश कुमार के साथ प्रधानमंत्री से भी मुलाकात कर चुके हैं। वहीं, पीएम मोदी के कृषि कानून वापस लेने पर राजद के हौसले बुलंद हैं।
बजट सत्र के समय तेजस्वी के साथ विपक्षी पार्टी के बाकी नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर प्रस्ताव दिया था कि अगर केंद्र सरकार जाति आधारित जनगणना को तैयार नहीं है, तो राज्य सरकार को अपने खर्चे पर इसे कराना चाहिए। केंद्र सरकार कोर्ट में दिए हलफनामा में पहले ही कह चुकी है कि वह जातीय जनगणना नहीं कराएगी।