रोहिणी के बेटे अरिहंत को बिहार से लोग भांजा कहकर बधाई दे रहे।
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय जनता दल (RJD Party) के अध्यक्ष, पूर्व रेल मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की लाडली बेटी के सोशल मीडिया पोस्ट पर बधाइयों की कतार लग गई है। अमूमन राजनीतिक टिप्पणियां कर अच्छे-बुरे, दोनों तरह के कमेंट्स देखने वाली राेहिणी आचार्या ने अपने बेटे के जन्मदिन पर एक लाइन की बधाई के साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों को देखकर लोग बधाई और आशीर्वाद भेज रहे हैं।
लालू की जिंदगी बचाकर सुर्खियों में
रोहिणी आचार्या लालू प्रसाद की बेटी होने से ज्यादा पिछले साल नवंबर-दिसंबर से जबरदस्त चर्चा में हैं, क्योंकि उन्होंने अपने पिता के लिए किडनी दान की। लालू को इसी किडनी से जिंदगी मिली और अब वह एक बार फिर राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं। विपक्षी एकता के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। सिंगापुर में किडनी के सफल ऑपरेशन के बाद लालू दिल्ली में रहकर पटना आए थे। जब वह सिंगापुर से निकल रहे थे तो रोहिणी ने भावनात्मक संदेश शेयर करते हुए पिता के स्वास्थ्य को लेकर बिहार के लोगों से अपील भी की थी।
बेटी के बाद अब बेटे का जन्मदिन
रोहिणी आचार्या ने अपने बेटे अरिहंत के 14वें जन्मदिन पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों को 7 हजार से ज्यादा लाइक्स मिली हैं, जबकि करीब 1.7 हजार कमेंट्स आ चुके हैं। रोहिणी ने इसी साल 24 जून को अपनी बेटी के 18 साल पूरे होने पर उनकी तस्वीरें भी शेयर की थी। आम तौर पर राजनीतिज्ञों, राजनीतिक घटनाक्रमों और खासकर पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को लेकर रोहिणी के सोशल मीडिया पोस्ट को लोग देखते रहते हैं। इनपर उस हिसाब से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिले या नहीं, लेकिन बिहार के लोगों ने भारी संख्या में लालू के नाती को बधाइयां दी हैं। बधाई देने वाले अरिहंत के कूका सिंह नाम पर भी बधाई दे रहे हैं और खुद को मामा बताकर भी बधाई देने वालों की संख्या अच्छी-खासी है। रोहिणी अपने पति समरेश सिंह और बच्चों के साथ विदेश से दिल्ली आती हैं तो पटना भी आ जाती हैं। पिछले दिनों रोहिणी पटना भी आई थीं।