राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव अमूमन अपनी पार्टी के लोगों से बात करते समय जोश दिलाते हैं, लेकिन बुधवार को राजद के स्थापना दिवस समारोह में उन्होंने एक डर भी जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का एलान करते हुए विपक्षी एकता के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयास को सफल बताया, लेकिन अपने संबोधन में अनुसूचित जातियों को लेकर डर भी जता दिया।
लालू प्रसाद की सीख- अनुसूचित वाले गांवों में जाओ
लालू ने कहा कि नरेंद्र मोदी को देश के गरीब-गुरबा से मतलब नहीं है। देश को तोड़ना है, लगातार तोड़ना है- यही है। बड़े पैमाने पर विधायकों को खरीद कर सरकार बनाते हैं यह लोग। इनके सामने झुकना नहीं है, बढ़ते जाना है। उन्होंने राजद के स्थापना दिवस पर साफ शब्दों में अपने समर्थकों और कार्यकताओं के साथ नेताओं को सीख दी कि अनुसूचित जाति के गांवों में जाओ। इनके गांवों में, इनके बीच में जाकर बात करना चाहिए। ऐसा न हो कि फिर कहीं भाजपा-आरएसएस वाला समझा-बुझा दे।
दाएं हाथ जगदानंद, बाएं शिवानंद बैठे थे
लालू काफी समय बाद राजद दफ्तर आए थे। इससे पहले आए थे तो तेजस्वी भी साथ थे। अभी तेजस्वी विदेश में हैं और तेज प्रताप सभी नेताओं के साथ अमूमन पार्टी दफ्तर में नजर नहीं आते हैं। जब लालू का भूराबाल साफ करो का नारा चर्चित हुआ था, तब भी कुछ नेता लालू के साथ थे। ऐसे ही नेता बुधवार को भी लालू के करीब थे। बुधवार को लालू आए तो उनकी दायीं ओर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और बायीं ओर शिवानंद तिवारी बैठे थे। दोनों अरसे से लालू के आसपास हैं।
2024 में हमलोग मिलकर भाजपा को उखाड़ फेकेंगे
राष्ट्रीय जनता दल के 27वें स्थापन दिवस पर पटना ऑफिस में
कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लालू प्रसाद यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश से गरीबी को मिटा नहीं रहे हैं। यह लोग देश को तोड़ रहे हैं, लगातार तोड़ रहे हैं। विधायकों को खरीद करके सरकार बना रहे हैं। लालू ने कहा कि यह लोग सिर्फ मुकदमा, मुकदमा कर रहे। सिर्फ यही हो रहा है। 2024 में हमलोग मिलकर भाजपा को उखाड़ फेकेंगे।