राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और उनकी फिल्म 'छपाक' के समर्थन में सामने आए। फिल्म छपाक में दीपिका ने एसिड अटैक सर्वाइवर की भूमिका निभाई है।जवाहरलालनेहरू विश्वविद्यालय में हिंसा के बाद हाल ही में दीपिका के वहां जाने पर भाजपा नीत केंद्र सरकार के समर्थक इस फिल्म का बहिष्कार करने का आह्वान कर रहे हैं।
दीपिका और उनकी फिल्म के पक्ष में राजद नेता ने ट्वीट किया, 'इ जो 'छपाक' है, इ सत्ता में बैठे लोगों को 'थपाक से' काहे लग रहा है? ये वही लोग हैं जो नारी सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा, बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ जैसे भाषण देते फिरते हैं। दीपिका पादुकोण जी आप एक प्रेरणा हो।'
तेजप्रताप के इस ट्वीट के बाद बिहार भाजपा ने तत्काल मजाक उड़ाया। उसने उनसे अलग रह रही पत्नी ऐश्वर्य राय के साथ किये गये कथित दुर्व्यवहार की ओर ईशारा किया। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता निखिल आनंद ने कहा कि वह न केवल विधानसभा के सदस्य हैं बल्कि मंत्री भी रहे हैं। महिलाओं से सम्मान के साथ बर्ताव करना ही उन्हें शोभा देता। लेकिन जिस तरह उन्होंने समाज की बेटी के साथ बर्ताव किया, वह शर्मनाक है। यदि उनमें रत्ती भर भी शर्म है तो उन्हें सार्वजनिक रूप से ऐश्वर्य राय के पैरों में गिरकर माफी मांगनी चाहिए।
बता दें कि दीपिका पादुकोण बीते मंगलवार को दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) कैंपस में पहुंचीं थीं। यहां उन्होंने घायल छात्रों से मुलाकात की थी। दीपिका का इस तरह जेनएयू में जाना कई संगठनों को रास नहीं आया था, इसलिए उनकी जमकर आलोचना हो रही है। यहां तक कि उनकी फिल्म छपाक के प्रदर्शन पर भी कई जगह रोक लगा दी गई है।
वहीं सीपीआई के नेता और जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अक्ष्यक्ष कन्हैया कुमार दीपिका का समर्थन करते हुए कहा कि जब वह पीएम मोदी के लिए प्रचार करती हैं तो देशभक्त होती हैं लेकिन जेएनयू जाती हैं तो देशद्रोही हो जाती हैं।