सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े अपहरण किए गए युवक को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। युवक को एसएच-91 पर बेलागंज के समीप चारपहिया वाहन सवार बदमाशों ने बाइक में टक्कर मारने के बाद जबरन गाड़ी में बैठा लिया था। ग्रामीणों ने जब अपहरणकर्ताओं का पीछा किया तो उन्होंने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर छापेमारी शुरू की थी।
देर रात एसपी शरथ आरएस ने भीमपुर थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर युवक की सकुशल बरामदगी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अररिया पुलिस और एसटीएफ के सहयोग से युवक को बरामद किया गया है। अपहरण में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
बाइक में टक्कर मारकर युवक को गाड़ी में बैठाया था
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बाइक से जा रहा था। इसी दौरान चारपहिया वाहन में सवार लोगों ने उसे पहले टक्कर मारी। युवक के गिरने के बाद उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और वहां से फरार होने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने अपहरणकर्ताओं को खदेड़ने की कोशिश की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी और मौके से भाग निकले। युवक जिस बाइक से जा रहा था, उसका नंबर BR50AD8174 बताया जा रहा है। अपहरण के दौरान फायरिंग का वीडियो भी लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया था।
अवैध कारोबार के लेनदेन के विवाद में अपहरण की बात
पुलिस की जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, अवैध कारोबार से जुड़े लेनदेन के विवाद में युवक का अपहरण किया गया था। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है। पुलिस मुख्य आरोपी समेत घटना में संलिप्त सभी अपराधियों की तलाश कर रही है।
ये भी पढ़ें-
होटल का कमरा नहीं खुला तो हुआ शक: अंदर का नजारा देख उड़े होश, बिहार की महिला का शव मिलने से सनसनी
चार-पांच पुलिस टीमें कर रही थीं छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही भीमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया था। युवक की बरामदगी के लिए चार से पांच पुलिस टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही थीं। त्रिवेणीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का भी गठन किया गया था। एसपी शरथ आरएस ने बताया कि युवक को अपराधियों द्वारा गाड़ी में बैठाकर ले जाने की सूचना मिली थी। इस दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अररिया पुलिस और एसटीएफ के सहयोग से युवक को 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। अपहरण में इस्तेमाल कार जब्त कर ली गई है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
तेजस्वी यादव ने वीडियो पोस्ट कर साधा था निशाना
घटना के दौरान फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। उन्होंने इसे 'सम्राट चौधरी स्टाइल' बताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा था। अब पुलिस मुख्य आरोपी और अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी है।