किशनगंज में हथियार और कारतूस के साथ इंस्टाग्राम पर तस्वीरें व वीडियो साझा करने के मामले में दो युवक गिरफ्तार हुए हैं। आरोपितों की निशानदेही पर नदी किनारे केले के थम के नीचे से दो कारतूस बरामद हुए हैं। पिस्तौल की तलाश जारी है।
सोशल मीडिया पर हथियार और कारतूस के साथ तस्वीरें व वीडियो साझा करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। किशनगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर नदी किनारे से दो कारतूस बरामद किए गए हैं। हालांकि, देशी पिस्तौल की बरामदगी अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस हथियार के स्रोत और उसके इस्तेमाल के उद्देश्य की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि इंस्टाग्राम पर 'लव यू 302111' नामक अकाउंट से दो युवक देशी पिस्तौल और कारतूस के साथ तस्वीरें एवं वीडियो साझा कर रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रथम खुशरू सिराज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने जांच के बाद सुदर्शन कुमार (20), पिता मुन्ना महतो, और रोहित कुमार (22), पिता जितन महतो, दोनों निवासी दुमरिया घाट, थाना टेढ़ागाछ, जिला किशनगंज को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 301/26, दिनांक 27 अक्टूबर 2026, के तहत आयुध अधिनियम की धारा 25(1-बी)ए में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। कार्रवाई में जिला आसूचना इकाई और टेढ़ागाछ, कोचाधामन, दिघलबैंक एवं बिशनपुर थानों के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल रहे।