बिहार के सहरसा जिले में बेलगाम रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 48 घंटों के भीतर जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तेज रफ्तार बाइक सवारों ने दो महिलाओं की जान ले ली। एक हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इन घटनाओं के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
सड़क किनारे खड़ी महिला को बाइक ने मारी टक्कर
पहली घटना बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र की है। शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे मुरली वार्ड नंबर चार निवासी घनश्याम यादव की 42 वर्षीय पत्नी रेखा देवी अपने मवेशियों के घर से वापस लौट रही थीं। परिजन धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घर से महज 25 मीटर की दूरी पर सामने से आ रहे एक चारपहिया वाहन को देखकर रेखा देवी सड़क के किनारे सुरक्षित खड़ी हो गई थीं।
तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर
बावजूद इसके, दूसरी तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक सवार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला जमीन पर गिर गईं और उनके सिर व नाक से काफी खून बहने लगा। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाते, इससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका के पति गांव में ही खेती-बाड़ी करते हैं। रेखा देवी अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गई हैं, जिनमें से एक बेटी अभी अविवाहित है। बनमा ईटहरी थानाध्यक्ष कुंदन साहनी ने बताया कि शनिवार सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
चाबी छोड़ भागा बाइक सवार, बुजुर्ग महिला की गई जान
वहीं, दूसरी घटना सलखुआ थाना क्षेत्र के माठा चौक की है। कोपरिया वार्ड संख्या 7 निवासी योगेंद्र यादव की 70 वर्षीय पत्नी अलवेलिया देवी गुरुवार सुबह अपने ममेरे भाई के साथ पैदल बाजार जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को जोरदार ठोकर मार दी।
इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला ने तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सलखुआ पीएचसी लाया गया, जहां से उन्हें सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत बिगड़ने पर बुजुर्ग महिला को आगे रेफर किया गया था, लेकिन शुक्रवार शाम इलाज के दौरान जिंदगी और मौत से जूझते हुए उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका ममेरा भाई अभी भी घायल है।
ये भी पढ़ें:
शादी के 13 दिन बाद नवविवाहिता की हत्या; मंगलसूत्र विवाद में ससुराल वालों पर गला दबाने का आरोप
बाइक की चाबी छोड़कर फरार हुआ आरोपी
परिजनों के मुताबिक, हादसे के बाद मची अफरा-तफरी में आरोपी बाइक सवार अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया, लेकिन बाइक की चाबी पीड़ित पक्ष के पास ही छूट गई है। पुलिस इस मामले की भी सघन जांच कर रही है।