सलखुआ प्रखंड प्रमुख के पति राकेश रोशन (आरोपी)
- फोटो : अमर उजाला
सहरसा के सलखुआ प्रखंड के प्रखंड प्रमुख सरिता संगम के पति राकेश कुमार रोशन को पुलिस ने बुधवार को उटेशरा गांव से मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी उस घटना के सिलसिले में हुई है, जिसमें प्रखंड प्रमुख के पति पर पंचायत राज सचिव (पीआरएस) निरंजन कुमार के साथ मारपीट और रंगदारी मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, 31 मई 2024 को पीआरएस निरंजन कुमार ने सलखुआ थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि 29 मई को प्रमुख पति राकेश रोशन ने उन्हें फोन कर घर पर बुलाया। 30 मई को फिर से फोन कर आने की बात कही। इसके बाद प्रमुख का देवर भी फोन कर के धमकी देने लगा। जब पीआरएस राकेश रोशन से मिलने पहुंचे, तो राकेश ने उनसे 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। जब निरंजन कुमार ने असमर्थता जताई, तो राकेश ने गाली-गलौज कर मारपीट की। पीआरएस को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें सलखुआ पीएचसी में भर्ती कराया गया और बाद में सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित ने प्रखंड प्रमुख सहित पांच लोगों को इस मामले में नामजद किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सलखुआ थाने में कांड संख्या 134/24 दर्ज की गई। इसके बाद से पुलिस आरोपी राकेश रोशन की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस के अनुसार, इस मामले में धारा 307 (हत्या के प्रयास) सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
थानाध्यक्ष विशाल कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि राकेश रोशन उटेशरा गांव में मौजूद हैं। इसके बाद एसआई धनंजय कुमार और पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राकेश रोशन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।