सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के हुसैन चक से आगे रायपुरा पंचायत के भौराहा तीन मोहानी के समीप एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इसमें बाइक सवार बलवाहट थाना क्षेत्र के ढोली मोहनपुर निवासी 65 वर्षीय किसुन साह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और दो लोग जख्मी हो गए। दोनों जख्मी को इलाज के लिए सिमरी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
घटना में जख्मी दोनों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के बेगहा निवासी 70 वर्षीय भुटो साह और पसराहा सपटियाही निवासी 28 वर्षीय राहुल साह के रूप में हुई है। जख्मी राहुल साह ने बताया कि वह तीनों आपस में रिश्तेदार हैं और सिमरी बख्तियारपुर में अपने एक रिश्तेदार की मौत के बाद महखड़ गांव से एक बाइक पर सवार होकर उसके अंतिम संस्कार में जा रहे थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क से दस फीट नीचे खेत में जा गिरे थे। स्थानीय लोगों ने तीनों को खेत सड़क पर लाया तो पाया कि 65 वर्षीय किशुन साह की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों के सहयोग से तीनों को सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची बख्तियारपुर थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।