फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: मधेपुरा में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

Mon, 04 Aug 2025 06:20 PM IST
कोसी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मधेपुरा

सार

Bihar: मृतका के परिजनों ने बताया कि जब वे रविवार रात करीब एक बजे बिहारीगंज पहुंचे तो घर के अंदर का सामान बिखरा हुआ था, जिससे उन्हें संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस भी देर रात घटनास्थल पर पहुंच गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
विज्ञापन
पति के साथ मृतका सैबी मुंद्रा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान बिहारीगंज निवासी कुणाल माहेश्वरी की 25 वर्षीय पत्नी सैबी मुंद्रा के रूप में हुई है। सैबी की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

मृतका की बड़ी बहन अंकिता पाटनी, जो पटना जिले के फतुहा की निवासी हैं, ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे उनकी सैबी से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। लेकिन दोपहर दो बजे जब उन्होंने दोबारा कॉल किया तो सास ने कहा कि सैबी घूमने गई है। शाम चार बजे परिवार के ही एक सदस्य ने उन्हें सूचना दी कि सैबी ने मच्छर मारने वाली दवा पीकर आत्महत्या कर ली है।

अंकिता के अनुसार, यह आत्महत्या नहीं बल्कि साजिशन हत्या है। उन्होंने दावा किया कि सैबी की नाक और मुंह दबाकर हत्या की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि सैबी की शादी करीब डेढ़ साल पहले फतुहा निवासी स्व. रंजीत पाटनी की बेटी के रूप में कुणाल माहेश्वरी से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल में माहौल तनावपूर्ण था और सैबी का अपनी भाभी से अक्सर विवाद होता रहता था। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल के सभी निर्णय उसी भाभी के इशारे पर लिए जाते थे।

विज्ञापन


पढ़ें: जहरीले सांप के डसने से नानी-नतिनी की मौत, झाड़फूंक में बीते पांच घंटे; अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान

रात एक बजे पहुंचे परिजन, मिला बिखरा हुआ सामान
मृतका के परिजनों ने बताया कि जब वे रविवार रात करीब एक बजे बिहारीगंज पहुंचे तो घर के अंदर का सामान बिखरा हुआ था, जिससे उन्हें संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस भी देर रात घटनास्थल पर पहुंच गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।

पति ने आत्महत्या की बात कही
मृतका के पति कुणाल माहेश्वरी, जो बिहारीगंज मध्य विद्यालय के सामने लक्ष्मी ट्रेडर्स नामक हार्डवेयर दुकान चलाते हैं, ने बताया कि रविवार सुबह किसी बात को लेकर उनका पत्नी से विवाद हुआ था। उन्होंने गुस्से में आकर सैबी को डांट दिया और फिर दुकान चले गए। उनके अनुसार, उसी दौरान सैबी ने गुस्से में ऑलआउट पी लिया। इसके बाद उसे तुरंत स्थानीय निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान करीब दो घंटे बाद उसकी मौत हो गई। बिहारीगंज थानाध्यक्ष अमित रंजन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतका के परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें