पटना से पूर्णिया तक प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का कार्य बहुत जल्द शुरू होने वाला है। पहले इस परियोजना पर अनुमानित खर्च 12 हजार करोड़ रुपये आंका गया था, लेकिन अब फाइनल एलाइनमेंट तय होने के बाद लागत बढ़कर 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। इस संबंध में मधेपुरा के सांसद दिनेशचंद्र यादव ने सोमवार की शाम चार बजे सर्किट हाउस में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान विस्तृत जानकारी दी।
मधेपुरा में एक्सप्रेसवे की जानकारी देते सांसद दिनेश चंद्र यादव। फोटो - अमर उजाला डिजिटल
सहरसा में डीएम ने गठित की कमेटी
सांसद ने कहा कि सहरसा जिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व ग्रामों के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें अमीन, सीआई, कर्मचारी और एसडीओ को शामिल किया गया है। यह कमेटी जमीन अधिग्रहण के तहत खाता-खेसरा की पहचान कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। जमीन की उपलब्धता के अनुसार जहां-जहां भूमि अधिग्रहण पूरा होता जाएगा, वहां-वहां निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। सांसद ने जोर देकर कहा कि इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को पटना सहित राज्य के अन्य हिस्सों में आवागमन में अत्यधिक सुविधा होगी। यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा और व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी।