पर्यटन विभाग की टीम ने मतस्यगंधा झील का किया निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
विधायक आलोक रंजन ने बताया कि मत्स्यगंधा झील का पूर्ण विकास होने के बाद यह जिले का प्रमुख पर्यटन स्थल बनेगा। झील के विकास के लिए कई योजनाओं पर विचार किया गया है, जिनमें झील की घेराबंदी, मिट्टी की खुदाई, जल भराव, झील के बीच पुल का निर्माण, पानी के फव्वारे, लाइट और म्यूजिक सिस्टम लगाने के साथ-साथ रेलवे लाइन के किनारे सड़क निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा, झील के किनारे सीढ़ियों का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि छठ जैसे पर्व मनाने में लोगों को सुविधा हो।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने रक्त काली मंदिर के रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण की मांग की। इस पर विधायक ने सदर एसडीओ प्रदीप कुमार झा से जल्द ही मंदिर का रंग-रोगन करने का अनुरोध किया। सदर एसडीओ ने आश्वासन दिया कि दुर्गा पूजा से पहले मंदिर का रंग-रोगन कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री और स्थानीय भाजपा विधायक आलोक रंजन, सदर एसडीएम प्रदीप कुमार झा, महिषी अंचलाधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।