घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती।
- फोटो : अमर उजाला
जिले के पत्तरघट थाना क्षेत्र के सुरमहा पुल के आगे कमरेल के समीप बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने पशु (बकरी खस्सी) के खरीद बिक्री का काम करने वाले बोधि सिंह जम्हारा निवासी नवी हसन के 18 वर्षीय पुत्र मोमो हसन को गोली मार कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पतरघट थानाध्यक्ष रौशन कुमार सदल बल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
घटना शनिवार की साढ़े नौ बजे की है। मोमो हसन अपने रिश्ते के चाचा लक्ष्मीपुर निवासी 50 वर्षीय मो जुम्मन के साथ देहात क्षेत्र में पशु खरीदने जा रहा था। वहां बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हे रोक कर फायरिंग करते हुए मोमो हसन के पास से दस हजार और जुम्मन के पास से 50 हजार रुपये लूट लिए। फायरिंग में मो हसन के दाएं पैर के घुटने के समीप गोली लगी है। घटना के बाद जुम्मन ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। परिजन घटना स्थल पहुंचे और उसे इलाज के लिए पतरघट पीएचसी ले गए। वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला मुख्यालय स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार दोनों मिलकर शादी विवाह के मौके पर खस्सी खरीद बिक्री का काम करते हैं। 27 नवंबर को लग्न के कारण दोनों सुबह में ग्रामीण क्षेत्र के लिए बाइक से निकले थे। इसी दौरान अपराधियों ने रास्ते में पीछा करना शुरू किया। आगे सुनसान जगह पर ओवरटेक कर चलती गाड़ी से ही गोली चला दी। दो गोली जांघ में लगी। जख्मी ने बताया कि गोली लगने के बाद वह गिर गया। इसी दौरान अपराधियों ने उसके पास से दस हजार और मो जुम्मन के पास से 50 हजार रुपये लूट लिए।
जख्मी के चाचा मो शाजिद ने बताया कि यह लोग पहले लक्ष्मीपुर गए। जहां से सुरमाहा के लिए निकला था। इसी दौरान घटना को नकाबपोश अपराधियों ने अंजाम दिया। इस बाबत पूछे जाने पर सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि खस्सी खरीदने जा रहे दो लोगों के साथ लूट की घटना हुई है। जख्मी हसन से दो हजार रुपए ओर उसके मित्र मो जुम्मन से दस हजार रुपये गोली मार कर लूटने की बात सामने आई है। मामले की तहकीकात की जा रही है। घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा।