सहरसा में सदर थाना क्षेत्र के बाइपास पॉलिटेक्निक ढाला के समीप तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से जख्मी पान दुकानदार की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना रविवार की है, जिसका शव सोमवार को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। मौत की खबर सुनते ही परिवार वालों में कोहराम मच गया है। घटना के बाद बाइक चालक बाइक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी है। मृतक की पहचान सहरसा नगर निगम के वार्ड नंबर 40 सराही मोहल्ले के निवासी 65 वर्षीय बद्री पोद्दार के रूप में हुई है।
मृतक पॉलिटेक्निक ढाला के समीप ही पान की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण किया करते थे। मृतक अपने पीछे चार लड़का, दो लड़की सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। मृतक के भतीजा सुनील पोद्दार ने बताया कि रोज की तरह बीते 26 जनवरी को भी घर से खाना खाकर दुकान के लिए निकल चुके थे और दुकान खोलने के बाद उन्होंने दुकान के ठीक सामने 26 जनवरी के मौके पर झंडोतलन के बाद प्रसाद खाने जा रहे थे। बाइपास सड़क क्रॉस करने के दौरान पूरब की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार में एक बाइक सवार ने उन्हें जबरदस्त ठोकर मार दिया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए। जबकि बाइक चालक बाइक छोड़कर फरार हो गया।
जख्मी को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। सहरसा से सिलीगुड़ी ले जाने के दौरान उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिवार में गमगीन का माहौल है। परिजनों ने बताया कि मौत की जानकारी सदर थाना पुलिस को दे दी गई है।