सहरसा जिले के पस्तपार थानाक्षेत्र के ठाढी गांव में चिमनी भट्ठा के गड्ढे में डूबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। यह घटना सहरसा जिले के पस्तपार थानाक्षेत्र के ठाढ़ी गांव वार्ड-5 की है। वहीं, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। मृतक की पहचान पूरन पासवान (60) के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि पूरन पासवान सोमवार की शाम भैंस चराने गए थे।
मृतक के बेटे बिजेन्दर पासवान ने बताया कि मेरे पिताजी भैंस चराने चिमनी भट्ठा पर गए हुए थे। चिमनी भट्ठा के पास गड्ढा था, उसी में पैर फिसलने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से डूबने से उनकी मौत हो गई। मौत की खबर तब मिली जब भैंस वापस घर आई और मेरे पिताजी नहीं आए। उसके बाद हम लोग खोजने निकले। खोजबीन के दौरान देर रात चिमनी भट्ठा के बगल वाले गड्ढे से उनको निकाला गया। उसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
इधर, पस्तपार थानाध्य्क्ष पंकज यादव ने बताया कि एक बुजुर्ग की पानी में डूबने से मौत की सूचना मिली है। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार मृतक का भतीजा श्रवण कुमार पस्तपार थाने में चौकीदार है।