सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र से रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप रिश्ते में लगने वाले भाई पर है। घटना के बाद आरोपी ने नाबालिग को धमकाया कि वह किसी को अगर बताएगी तो काट कर नदी में फेंक देगा। घटना दो-तीन पहले हुई। इसकी शिकायत शुक्रवार को ग्रामीणों के माध्यम से पुलिस तक पहुंची। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वही आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि पीड़िता के जन्म के दो माह बाद उसकी मां की असामयिक मृत्यु हो गई थी। इसके बाद फुआ ने गोद लिया। फुआ के घर ही उसकी परवरिश हुई और पीड़िता वहीं रहती है।
मोबाइल का लालच देकर दिया दुष्कर्म को अंजाम
बताया जा रहा है कि पीड़िता की फुआ जरूरी काम से सहरसा गई हुई थी। इसी बीच रिश्ते में भाई लगने वाले आरोपी युवक ने मोबाइल का लालच देकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इधर, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने नाबालिग को धमकी दिया कि किसी को इस बारे में कोई जानकारी मिली तो काटकर नदी में फेंक देगा। हालांकि फुआ के घर लौटने पर पीड़िता ने उसे सारी जानकारी दी। इसके बाद मामला पंचायत में पहुंचा। घटना के बाद समाज में दो दिनों तक ग्रामीणों के बीच पंचायत कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की गई। इसी बीच किसी ग्रामीण ने त्रिवेणीगंज पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच, पीड़िता का दर्ज कराया बयान
इधर, पुलिस ने घटनास्थल से खून और स्पर्म से सना कपड़ा बरामद किया है। वही पीड़िता को 164 के बयान के लिए कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां कोर्ट के आदेश पर पीड़िता का मेडिकल कराया गया। आरोपी युवक फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस बाबत त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि शुक्रवार को पीड़ित पक्ष से आवेदन मिला है। प्राप्त आवेदन के आलोक में पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।