सहरसा जिले में सोनबरसा राज थाना क्षेत्र के लगमा में पुलिस ने एक बिना मैगजीन का कार्बाइन, कार्बाइन का दो खाली मैगजीन, चार देशी कट्टा और 34 जिंदा कारतूस बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, हथियार कारोबारी लगमा निवासी गौरव झा गांव के ही दया झा जो गांव से बाहर रहते हैं के घर में हथियार छुपाकर रख दिया था।
सूचना मिलने पर दया झा के भाई ललन झा ने उसे अपने घर में रख लिया, जिसकी जानकारी मिलने पर कारोबारी गौरव झा अपना हथियार लेने आया तो गौरव झा और ललन झा में कहासुनी होने लगी। इसी बीच किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही सोनबरसा राज थानाध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह अन्य पुलिसकर्मी के साथ छापेमारी की तो दरवाजे से चार पांच लोग भागने लगे।
यह भी पढ़ें: 30 मिनट में पहुंच पायेंगे दीघा से दीदारगंज, मुख्यमंत्री ने पथ का किया लोकार्पण
पुलिस ने जब भागने वाले की जानकारी ली तो लोगों ने बताया कि भागने में ललन झा, गौरव झा और उसका दो सहयोगी था। गौरव और उसके सहयोगी ललन झा पर हथियार वापस करने के लिए दबाव बना रहा था। दया झा का घर बंद रहने के कारण बीडीओ को दंडाधिकारी के रूप में बुला कर घर की तलाशी ली गई तो किचेन में रखे एक लाल बैग में कार्बाइन, चार देशी कट्टा और 29 कारतूस बरामद किया गया। वहीं, ललन झा के निर्माणाधीन घर से कुछ भी बरामद नहीं हुआ। पुलिस सुसंगत धाराओं के तहत ललन झा एवं गौरव झा पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: प्रशांत किशोर बिहार चुनाव में क्या कर सकेंगे, कल ही फैसला; जन सुराज ने खुद किया ऐसा दावा
ये हुआ बरामद
पुलिस ने एक बिना मैगजीन का काबाईन, काबाईन का दो खाली मैगजीन, लोहे का बना एक देशी कट्टा, लोहे का बना एक बिना बैरल का देशी कट्टा, लोहे का बना एक बैरल, पिस्टल का छह मैग्जीन, पिस्टल का एक मैग्जीन, एक हरा रंग के नारियल के डिब्बा में 29 जिंदा कारतूस, एक पीला रंग के प्लास्टिक के पैकेट में पांच जिंदा कारतूस, एक लाल रंग का स्कूल बैग बरामद हुआ। पुलिस ने किसी अभियुक्त के पकड़े नहीं जाने की स्थिति में जब्ती सूची की एक प्रति घर पर चिपकाते हुए घर को विधिवत सील कर चौकीदार को सुरक्षा एवं निगरानी के लिए तैनात किया है।