परीक्षा केंद्र गेट पर मौजूद छात्रा
बिहार के सहरसा स्थित जिला गर्ल्स हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मैट्रिक सप्लीमेंट्री परीक्षा देने आई एक छात्रा को महज 10 मिनट की देरी के कारण प्रवेश नहीं मिला। परीक्षा छूटने के गम में छात्रा ने केंद्र के बाहर जमकर हंगामा किया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। करीब आधे घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस और परिजनों के पसीने छूट गए।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शनिवार को मैट्रिक की सप्लीमेंट्री (कम्पार्टमेंटल) परीक्षा के तहत हिंदी विषय का पेपर था। विराटपुर चंडी स्थान की रहने वाली छात्रा सपना कुमारी परीक्षा देने के लिए सहरसा जिला गर्ल्स हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर पहुंची थी। लेकिन वह निर्धारित समय से महज 10 मिनट लेट हो गई। परीक्षा के सख्त नियमों के कारण गेट बंद हो चुका था और वहां तैनात कर्मियों ने उसे अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।
फूट-फूट कर रोने लगी छात्रा
गेट पर प्रवेश न मिलने से सपना बदहवास हो गई और वहीं फूट-फूट कर रोने लगी। उसने गार्ड्स और अधिकारियों से मिन्नतें कीं, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उसने हंगामा शुरू कर दिया। छात्रा इस कदर हताश थी कि उसने वहीं जान देने की धमकी दे डाली। वह चिल्ला-चिल्लाकर कहने लगी, “मुझे अंदर जाने दो, नहीं तो मैं यहीं मर जाऊंगी… मैं बिजली के खुले तार को पकड़कर अपनी जान दे दूंगी।” छात्रा के इस रौद्र रूप को देखकर वहां मौजूद परीक्षार्थियों के परिजनों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ये भी पढ़ें:
अमर उजाला की खबर का असर: वैशाली में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड घोटाले पर सरकार सख्त, तीन कॉलेजों के भुगतान पर रोक
पुलिस के छूटे पसीने
इस दौरान छात्रा के साथ आए उसके चाचा ने भी उसे काफी समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन परीक्षा छूटने की निराशा में वह किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं थी। हालात बिगड़ते देख केंद्र पर तैनात पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा। पुलिसकर्मियों ने काफी संयम से काम लेते हुए करीब आधे घंटे तक छात्रा की काउंसलिंग की। कड़ी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद जाकर छात्रा का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद पुलिस और परिजन उसे समझाकर अपने साथ घर वापस ले गए। हालांकि, महज 10 मिनट की देरी के कारण छात्रा की परीक्षा छूट गई और वह एक बार फिर परीक्षा देने से वंचित रह गई। यह पूरा घटनाक्रम परीक्षा केंद्र के बाहर दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।