सहरसा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बसनही थाना क्षेत्र के सहसौल पंचायत स्थित विश्वनाथ टोला वार्ड नंबर-7 में 11 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के अशरफचक वार्ड नंबर-7 निवासी सदानंद शर्मा की 11 वर्षीय पुत्री शबनम कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
चार महीने से ननिहाल में रह रही थी शबनम
परिजनों के अनुसार, शबनम अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बीते करीब चार महीने से शबनम अपनी मां पिंकी देवी के साथ बसनही थाना क्षेत्र स्थित ननिहाल में रह रही थी। परिवार का कहना है कि बच्ची ने फंदे से लटककर आत्महत्या की है, लेकिन इतनी कम उम्र में इस तरह का कदम उठाने की बात लोगों को हैरान कर रही है।
‘मां, मेरे लिए समोसा लेते आना...’
मृतका की मां पिंकी देवी ने रोते हुए बताया कि शनिवार को वह अपने एक बच्चे के इलाज के लिए बाजार गई थीं। घर से निकलते समय शबनम ने उनसे कहा था, 'मां, लौटते वक्त मेरे लिए समोसा लेते आना', लेकिन जब देर शाम वह दवा लेकर वापस लौटीं, तो घर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे के अंदर शबनम दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई थी। मां की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
ये भी पढ़ें-
Bihar News : एआई समिट में सीएम के बयान पर रोहिणी ने किया पलटवार; कहा- डंडे से नहीं, न्याय से आता है सुशासन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए बसनही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि बच्ची के गले पर फंदे के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।