फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार में 'खेला होबे': राजद की इफ्तार दावत में नीतीश के शामिल होने के बाद तेज प्रताप का दावा-'सीक्रेट बात हुई, सरकार बनाएंगे'

Sat, 23 Apr 2022 09:22 AM IST
सुरेंद्र जोशी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

नीतीश कुमार के पहुंचते ही समूचे माहौल में खुशी छा गई। दरअसल राजद परिवार के लिए यह दोहरी खुशी थी, क्योंकि शुक्रवार को ही लालू प्रसाद यादव को जमानत मिल गई थी। वह रिहा होने वाले हैं। 
विज्ञापन
इफ्तार पार्टी के दौरान एक साथ नीतीश कुमार, तेज प्रताप और तेजस्वी यादव। - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रमजान माह में जुमे के दिन राजद की इफ्तार पार्टी में बिहार के सीएम नीतीश कुमार शरीक क्या हुए सियासी सुगबुगाहट तेज हो गई। इसे हवा खुद राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने दी है। उन्होंने दावा किया-'सीक्रेट बात हुई है, खेल होगा, सरकार बनाएंगे।' तेज प्रताप के दावे से बिहार की सियासत गरमा गई है। 

राजद ने शुक्रवार को इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। यह बड़े राजनीतिक जलसे में तब्दील हो गया। सीएम नीतीश कुमार अपने निवास से चंद कदमों की दूरी पर स्थित पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास तक पैदल ही आए थे।नीतीश कुमार के पहुंचते ही समूचे माहौल में खुशी छा गई। दरअसल राजद परिवार के लिए यह दोहरी खुशी थी, क्योंकि शुक्रवार को ही लालू प्रसाद यादव को जमानत मिल गई थी। वह रिहा होने वाले हैं। 

विज्ञापन


नीतीश की नो एंट्री का बोर्ड हटाया : तेज प्रताप
राजद नेता तेज प्रताप यादव ने इफ्तार पार्टी के बाद दावा किया 'सरकार बनाएंगे, खेल होगा, हमारी नीतीश जी से सीक्रेट बात हुई है। हमने नीतीश कुमार के लिए पहले नो एंट्री का बोर्ड लगा रखा था, लेकिन अब उन्हें हमने एंट्री दे दी है. अब वह आए हैं तो सरकार भी बनेगी। राजनीति में उथलपुथल होता रहता है, आज हम हैं तो कल वो हैं। ' 

सुनिए क्या कह रहे हैं तेज प्रताप यादव
 

नीतीश बोले- राजनीति से क्या संबंध
तेज प्रताप यादव के दावे के बाद सीएम नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा कि इफ्तार पार्टी में कई लोगों को बुलाया गया था। इसका राजनीति से क्या संबंध है? राबड़ी देवी के आवास पर हुई पार्टी को लेकर उन्होंने कहा कि हमने भी इफ्तार पार्टी की थी और इसमें सभी को आमंत्रित किया था। 
विज्ञापन




चिराग ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया
राजद की इफ्तार पार्टी में पहुंचे नीतीश कुमार का लालू यादव के परिवार के सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। वहां पहले से मौजूद चिराग पासवान ने भी नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में नीतीश कुमार के पास में राजद नेता तेजस्वी यादव व तेज प्रताप यादव विराजे। समीप ही लालू यादव की बड़ी बेटी सांसद मीसा भारती भी बैठी थीं।

आठ साल बाद राजद की दावत
दरअसल, करीब आठ साल बाद राजद ने इफ्तार पार्टी रखी थी, इसलिए इसका विशेष महत्व था। लालू यादव के जेल में रहने व कोरोना के कारण राजद ने बीते सालों में यह दावत नहीं की थी। बहरहाल, शुक्रवार को सियासी गुफ्तगू देखकर लोगों के जेहन में नीतीश कुमार की जेडीयू की गठबंधन सरकार के दिनों की यादें ताजा हो गईं। यह नजारा देख सियासी अटकलों का दौर शुरू हो गया। 

महागठबंधन की वापसी होगी?
यह मेल मुलाकात क्या भावी स्वरूप होगा, यह अभी कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन बिहार में भाजपा और जदयू की गठबंधन सरकार में भी सब सामान्य नहीं है। सियासी पंड़ितों के अनुसार, राज्य के भाजपा नेताओं के बीते कुछ दिनों के बयान यही संकेत दे रहे हैं कि भाजपा व जदयू के बीच अब पटरी कम बैठ रही है। इसमें पेचवर्क नहीं हुआ तो सियासत की नई सड़क बन सकती है, जो राज्य में महागठबंधन की वापसी तक जा सकती है। 

2015 में बना था महागठबंधन
जदयू, राजद व कांग्रेस ने 2015 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन किया था। इसमें महागठबंधन को शानदार जीत मिली थी और महागठबंधन सरकार बनी थी, हालांकि नीतीश कुमार ने 2017 में गठबंधन छोड़ कर भाजपा का दामन थाम लिया था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें