दुर्घटनाग्रस्त कार, मौके पर खड़ी पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मनिहारी-नारायणपुर-पूर्णिया फोरलेन सड़क पर शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में कार सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सभी मृतक कटिहार शहर के बैगना इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बैगना निवासी 68 वर्षीय शंभु सिंह अपनी पत्नी 64 वर्षीय उषा देवी और पड़ोसी 64 वर्षीय मंजु रानी समेत अन्य लोगों के साथ कार से गंगा स्नान करने मनिहारी जा रहे थे। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे उनकी कार नारायणपुर पागलबाड़ी के पास फोरलेन सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया। दुर्घटना में शंभु सिंह, उनकी पत्नी उषा देवी और पड़ोसी मंजु रानी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कार चालक समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ विनोद कुमार और थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को इलाज के लिए कटिहार भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटाने और यातायात व्यवस्था सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की।