लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री रहे रामविलास पासवान के पंचतत्व में विलीन होते ही उन्हें 'भारत रत्न' देने की मांग उठने लगी है। इस कड़ी में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने शनिवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र लिखकर दिवंगत नेता रामविलास पासवान को भारत रत्न देने की मांग की है।
इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार के मंत्री प्रेम कुमार ने भी दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट कर भारत सरकार से उन्हें भारत रत्न दिए जाने की सिफारिश की। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'दिवंगत रामविलास पासवान को भारत रत्न मिलना चाहिए। शोषितों, वंचितों एवं दलितों के उत्थान के लिए हमेशा मुखर रहने वाले तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए आजीवन कार्य करने वाले महान राजनीतिज्ञ परम आदरणीय स्व. रामविलास पासवान जी को 'भारत रत्न' से सम्मानित किया जाना चाहिए। मैं इसका समर्थन करता हूं।'