भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी विकास वैभव के मामले में सरकार, यानी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भले ही गालीबाजी की आरोपी DG शोभा अहोटकर की जगह प्रताड़ना की सूचना देने वाले IG विकास वैभव को पहली नजर में गलत करार दिया है, लेकिन छोटे सरकार ने उलटी राह पकड़ ली है। बिहार में छोटे सरकार के नाम से प्रसिद्ध बाहुबली पूर्व विधायक अनंत कुमार सिंह के ट्वीटर हैंडल से किया ट्वीट इसकी गवाही दे रहा है। इधर पटना समेत पूरे बिहार में युवाओं ने Bihar with Vikas Vaibhav नाम से मुहिम सड़क पर शुरू कर दी है। शुक्रवार को पटना में वीमेंस कॉलेज की छात्राएं सड़क पर उतर रही थीं तो कोतवाली थाने की टीम ने उन्हें भगा दिया, लेकिन अब पूरे बिहार से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं।
'अमर उजाला' ने बिहारी अस्मिता को बनाया मुहिम
बुधवार की रात IPS विकास वैभव पूरी रात ऊहापोह में जागे थे और इसी दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर यह दर्द जाहिर किया कि उन्हें DG शोभा अहोटकर कैसे बिहारी कहकर अपमानित करती रह रही हैं और अब मां-पत्नी को भी गालियां दे रही हैं। उन्होंने वह ट्वीट डिलीट कर दिया, लेकिन बिहारी अस्मिता पर प्रहार और
अफसरशाह की ऐसी करतूत की जानकारी के बाद 'अमर उजाला' ने गुरुवार सुबह 8:46 बजे
सबसे पहले यह खबर सामने लाई। फिर कार्यालय अवधि में DG से उनका पक्ष लेने के लिए कार्यालय जाकर भी अपडेट किया। इधर इस खबर के बाद सोशल मीडिया और फिर ऑनलाइन मीडिया होते हुए अगले दिन प्रिंट मीडिया में यह मामला सुर्खियों में आ गया।
राजनेताओं की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। गुरुवार से रोज शाम
सोशल मीडिया पर इसे अभियान के रूप में लोग शेयर कर रहे हैं। 'अमर उजाला' ने
गुरुवार को ही शाम में यह जानकारी भी सामने ला दी थी कि विकास वैभव से ऑफिशियल जानकारी सार्वजनिक करने और रिकॉर्ड करने के मामले में शोकॉज कर 24 घंटे में जवाब देने कहा गया था। वह भी तब, जबकि वह एक शादी समारोह के लिए अवकाश पर जा रहे थे। मानसिक शांति के लिए उस अवकाश को दो महीने तक बढ़ाने का आवेदन गृह विभाग को 'छुट्टी नहीं देने' की अनुशंसा के साथ DG ने अग्रसारित कर दिया था। समारोह से शनिवार रात विकास वैभव वापस आ रहे हैं और सोमवार को वह जवाब देंगे। इससे पहले उन्होंने
"मूर्खस्य पञ्च चिह्नानि गर्वो दुर्वचनं तथा ।
क्रोधश्च दृढवादश्च परवाक्येष्वनादरः ।।"
अर्थात - "एक मूर्ख के पांच लक्षण होते हैं घमण्ड, दुष्ट वार्तालाप, क्रोध, जिद्दी तर्क और अन्य लोगों के लिए सम्मान में कमी ।"#SaturdayThoughts
— Vikas Vaibhav, IPS (@vikasvaibhavips)
February 11, 2023 ट्वीटर पर मूर्खों के पांच लक्षण बताकर अपना दर्द एक बार फिर साझा किया है।
अनंत सिंह को गिरफ्तार कर विवाद में फंसे थे
पहले अनंत सिंह के समर्थन की बात जानते हैं। अनंत सिंह जेल में हैं, लेकिन उनकी बातें ट्वीटर हैंडल चलाने वाले लाते रहते हैं। अनंत सिंह ने बिहारी अस्मिता के सवाल पर IPS विकास वैभव के पक्ष में जो ट्वीट किया है, वह तेजी से वायरल हो रहा है। यह चौंकाने वाला इसलिए भी है, क्योंकि एक समय तत्कालीन बाहुबली विधायक अनंत सिंह को मोकामा से बेधड़क गिरफ्तार कर लाने के लिए विकास वैभव सुर्खियों में रहे थे। यह भी माना जाता है कि बाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजद के साथ (फर्स्ट टर्म) जाने पर तत्कालीन राजद विधायक अनंत सिंह के कारण IPS विकास वैभव को परेशान किया जाता था।