यहीं 1925 में महात्मा गांधी ठहरे थे।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
गांधी कुटीर की स्थापना के बाद महिलाओं ने 700 चरखा और 500 करघे पर कार्य किया
अपने मलखाचक गांव में गांधी कुटीर की स्थापना करने वाले क्रांतिवीर राम विनोद सिंह प्रारंभ में खुदीराम बोस से बहुत ज्यादा प्रभावित थे। उन दिनों छद्म नाम ज्योतिन मुखर्जी था। भगत सिंह के दल में काम किया करते थे। 1918 में क्रांतिकारियों की कामाख्या (असम) में आयोजित किये गये सभा में उन्हें बिहार का प्रभारी बनाया गया था। आतंकवादी क्रांति के अस्थाई प्रभाव से निराश होकर बाद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अनुआई बन गए। सन 1921 में उन्होंने अपने गांव मलखाचक में गांधी कुटीर की स्थापना की। यहां महिलाओं ने 700 चरखा और 500 करघे पर कार्य किया। इससे 8200 रुपये आय होने लगी थी, जो स्वावलंबी भारत की परिकल्पना को साकार करने लगा था। स्वतंत्र भारत में रामविनोद सिंह सोनपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रथम विधायक बने। उनकी दोनों पुत्रियां शारदा (14) और सरस्वती (11) चूड़ियां लेकर लोगों को ललकारते हुए स्वतंत्रता संग्राम में कूदने को आह्वान करतीं थीं। इन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।
कानपुर में आयोजित कांग्रेस अधिवेशन में गांधी कुटीर निर्मित खादी की प्रदर्शनी में स्टॉल हुआ था विख्यात
गंगा नदी तट पर स्थित दिघवारा प्रखंड का मलखाचक गांव जो क्रांतिकारी गतिविधियों का केंद्र हुआ करता था, वहां खादी के कपड़ों का खूब उत्पादन होता था। सन 1921 में राम विनोद सिंह और अन्य लोगों के पहल पर मलखाचक में एक कुटीर की स्थापना की गयी थी। इस केंद्र में प्रतिमाह आठ हजार 200 रुपये का खादी का उत्पादन ग्रामीण महिलाओं द्वारा किया जाता था। इसके अलावा इस कुटीर की बिहार के मधुबनी भागलपुर और जमुई में शाखाएं थी, जहां तीन हजार 200 रुपये की मासिक बिक्री होती थी। आज की तुलना में 1925 में रुपये का जो मूल्य था उसी से इस उद्योग की विशालता और कार्य कुशलता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सबसे बड़ी बात यह है कि कानपुर में कांग्रेस अधिवेशन के दौरान खादी की प्रदर्शनी लगी हुई थी, जिसमें गांधी कुटीर का स्टॉल ही सबसे बड़ा स्टॉल के रूप में विख्यात हुआ था। यहां की उत्पादित कपड़ों की गुजरात सहित कई अन्य राज्यों में बहुत ज्यादा मांग थी क्योंकि खादी उत्पादन के लिए बारदोली प्रस्ताव पारित होते समय सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र में लगभग सात हजार चरखे और पांच सौ करघे कार्यरत थे।
इसी चबूतरे पर बैठकर महात्मा गांधी ने की थी बैठक।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
इस वजह से यह गांधी कुटीर के नाम से हुआ विख्यात
मलखाचक का यह कुटीर राम विनोद सिंह के निर्देशन में काफी उपयोगी कार्य कर रहा था। आसपास के गांव के 200 जुलाहों का इस केंद्र से घनिष्ठ संबंध हुआ करता था, जिन्हें यह चरखे का सूत देकर उनसे तैयार खादी लेता था। सूतों की बुनाई की उन्हें उचित मजदूरी दी जाती थी। 30 सितंबर 1925 में गांधी जी दानापुर के रास्ते पैदल ही इस केंद्र को घूमने आए हुए थे और गांधी कुटीर पहुंचने के बाद यहां पर उत्पादित हो रही खादी के कपड़े को देखते हुए उन्होंने इस इस केंद्र की खूब सराहना की थी। तभी से यह कुटीर गांधी कुटीर के नाम से अपनी ख्याति प्राप्त हुई थी। मलखाचक गांव में स्वतंत्रता आंदोलन के दर्जनों सिपाहियों में मुख्य रूप से लालस सिंह, मुनेश्वर सिंह, लक्ष्मी सिंह, विश्वनाथ सिंह, सुदामा सिंह, देवनारायण सिंह, रामपृत सिंह, रामआशीष सिंह, विश्वनाथ सिंह, केदार सिंह की मां, रामजी सिंह, राजेश्वर सिंह, राजमंगल सिंह, रामानंद सिंह, राजदेव सिंह, श्रीभगवान सिंह, पुकार महतो, चतुर्भुज सिंह, नन्द किशोर सिंह, युगेश्वर सिंह, बेचन सिंह, प्रदीप सिंह, विनय सिंह, त्रिलोकी सिंह शामिल थे।