हरियाणा के गुरुग्राम में बिहार के सीतामढ़ी निवासी इमाम हाफिज साद की मस्जिद में घुसकर बीते सोमवार को उपद्रवियों ने हत्या कर दी। घटना के बाद नानपुर थाना क्षेत्र पंडौल बुजुर्ग पंचायत के मनियाडीह गांव में मृतक के घर में सैकड़ों लोगों का तांता लगा हुआ है। वे घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं, मृतक के पिता ने मामले को लेकर हरियाणा सरकार की मंशा पर भी सवाल उठाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर 57 की मस्जिद में उपद्रवियों के हमले में इमाम हाफिज साद मारे गए हैं। मृतक इमाम सीतामढ़ी जिले के नानपुर प्रखंड के पंडौल बुजुर्ग पंचायत के मनियाडीह गांव वार्ड नंबर आठ के निवासी थे। उनकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में गम और गुस्से का आलम है। दरअसल, गुरुग्राम मस्जिद में हमला कर वहां तैनात सीतामढ़ी निवासी इमाम हाफिज साद की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी।
'पुलिस थी तो इस तरह की घटना कैसे हुई'
इमाम की मौत के बाद उनके पिता मोहम्मद मुश्ताक ने मांग करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार के द्वारा घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द होनी चाहिए। वहीं, मृतक के पिता ने सरकार की मंशा पर भी शक जाहिर किया। मृतक के पिता ने कहा कि वहां पहले से ही पुलिस थी तो इस तरह की घटना कैसे हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि घटना में 100 से 200 लोग शामिल थे तो 10 लोगों की ही गिरफ्तारी क्यों कि गई है। मृतक के पिता का कहना है कि उनके घर में कमाने वाला इमाम हाफिज ही था। जो पूरे घर की जिम्मेवारी अपने कांधे पर रख चला रहा था।
'भारत की अखंडता को खतरा'
वहीं, स्थानीय विधायक मुकेश कुमार यादव ने मृतक के घर पहुंच कर परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही विधायक ने मामले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने कहा कि इस तरह की घटना से भारत की अखंडता को खतरा है।
'स्थानीय थाने में दर्ज करवाएंगे मामला'
वहीं, मृतक के भाई सदाब अनवर का कहना है कि घटना से डेढ़ घंटे पहले उनकी बात उनके भाई से हुई थी। उसने कहा था कि जल्द से जल्द वह गांव के लिए मस्जिद से रवाना हो जाए। लेकिन आधे घंटे बाद ही उसे सूचना मिली कि उसका भाई अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। लेकिन जब वह अस्पताल पहुंचा तो उन्हें कुछ लोगों ने बताया कि मस्जिद में ही चाकू से गोद-गोद कर इमाम की हत्या कर दी गई थी। वहीं, मृतक के भाई ने कहा कि इसको लेकर वहां स्थानीय थाना नानपुर में मामला दर्ज करवाएंगे।